चौंकाने वाला हो सकता है पुलिस भर्ती परिणाम

0
19

प्रदेश में इस बार नए मापदंड तय, टेस्ट में होगा जिला की एजुकेशन का आकलन

हिमाचल में हो रही पुलिस कांस्टेबल भर्ती में इस बार नए मापदंड तय किए गए हैं। ऐसे में भर्ती का रिजल्ट भी इस बार चौंकाने वाला हो सकता है।
इस बार पुलिस भर्ती का रिजल्ट जिलाबार के बजाय स्टेट लेवल पर निकाला जाएगा। यानी जो अभ्यर्थी मैरिट में आएगा, वहीं खाकी का हककार होगा। ऐसे में किसी जिला से सबसे कम या ज्यादा बच्चे मैरिट में आ सकते हैं। इससे पहले पुलिस भर्ती का रिजल्ट जिलाबार तैयार किया जाता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। इतना ही नहीं, पूर्व में वेकेंसी भी जिलावार ही आती थी, लेकिन इस बार राज्य स्तर पर ही तैयार एक प्रारूप के तहत 1088 युवाओं को खाकी पहनाए जाने की योजना है। जानकारों का कहना है कि ग्राउंड टेस्ट के बाद लिखित परीक्षा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित करवाई जाएगी। ऐसे में एक बात तो साफ है कि पुलिस भर्ती का रिजल्ट हर जिला के एजुकेशन का भी आकलन कर देगा।

अब देखने वाली बात यह कि कौन सा जिला पुलिस भर्ती में एक्सीलेंट कर पाता है। हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के 1088 पदों पर भर्ती की जा रही है। हिमाचल प्रदेश के नोर्थ रेंज के तहत जिला कांगड़ा में भर्ती प्रक्रिया का आयोजन रेंज के आईजी की अध्यक्षता में किया जा रहा। पिछली बार पुलिस भर्ती पर उठे सवालों से सबक लेकर इस बार भर्ती में विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए बाकायदा वीडियोग्राफी भी की जा रही है। वीडियोग्राफी के अलावा ग्राउंड में मोबाइल फोन व परिजनों को भी नहीं आने दिया जा रहा है।

अव्वल रहने वालों को मिलेगी खाकी

प्रदेश सरकार की इस नई पहल से पढ़े-लिखे और प्रतिस्पर्धा में अव्वल रहने वाले युवा ही पुलिस में सिपाही बन पाएंगे। प्रदेश सरकार ने पहले ही व्यवस्था परिवर्तन का नारा देते हुए सबको समान अवसर प्रदान करने का ऐलान किया है। इसी के तहत इस बार नए नियमों के तहत भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पुलिस भर्ती के मापदंडों में भी बदलाव किया गया है। पुलिस भर्ती दौड़ का समय कम किया गया था। पहले समय 6 मिनट 15 सेकंड होता था, जबकि इस बार 5 मिनट 39 सेकंड का समय तय किया गया है।